देहरादून
पानी के धीमे प्रेशर से लोगों को जरूरत भर का पानी भी नहीं मिल पा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उत्तर और दक्षिण शाखा में है। परेशान उपभोक्ता जल संस्थान से मौखिक और लिखित शिकायत करके थक चुके हैं।
गर्मी बढ़ने के साथ ही दिन पर दिन पानी की कमी होती जा रही है। भू-जल स्तर गिर रहा है, ट्यबवेल भी कम पानी दे रहे हैं। इससे घरों में पेयजल आपूर्ति से सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। शहरवासियों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
उत्तर, दक्षिण, रायपुर, पित्थूवाला शाखा में पानी के धीमे प्रेशर से लोगों को जरूरत भर का पानी भी नहीं मिल पा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उत्तर और दक्षिण शाखा में है। परेशान उपभोक्ता जल संस्थान से मौखिक और लिखित शिकायत करके थक चुके हैं।
इसके बाद भी हल नहीं हो रहा है। सोमवार को शहर के उपभोक्ताओं ने अमर उजाला को पेयजल से जुड़ी समस्याएं बताईं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें लंबे समय से पानी नहीं मिल पा रहा है। अधिकतर लोगों को टैंकर मंगाकर काम चलाना पड़ रही है।
ईसी रोड के पास 10 मई से पानी की दिक्कतI
ईसी रोड अपोजिट एसके मेमोरियल, एपेक स्पोर्ट्स फिटनेस के पास मंदिर के पास वाली लाइन में पानी की समस्या बनी हुई है। निशी ने बताया कि यहां पर 10 मई से कई घरों में पानी की दिक्कत है। प्रेशर इतना धीमा है कि जरूरत भी पूरी नहीं हो पा रही है। एक सप्ताह से समस्या बढ़ने पर तीन टैंकर मंगा चुके हैं।
लक्खीबाग, लक्कड़ मंडी के कई घरों में नहीं आ रहा पानीI
रेलवे स्टेशन के पीछे लक्खीबाग, लक्कड़ मंडी के पास करीब सात-आठ घरों में पिछले एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है। इस संबंध में उपभोक्ताओं ने जल संस्थान से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। साथ ही उपभोक्ता सीएम पोर्टल पर भी शिकायत कर चुके हैं। वहीं, सहस्रधारा रोड स्थित नारायण चौक और आसपास बने एन्क्लेव में लंबे समय से पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। आरके तिवारी ने बताया कि जल संस्थान से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुध नहीं ली जा रही है। स्थिति यह है कि निजी टैंकर मंगाना पड़ रहा है।
यहां भी लोग हो रहे परेशान
सहस्रधारा रोड स्थित विकास लोक लेन नंबर- 3 की उपभोक्ता सरला यादव ने बताया कि पिछले 15 दिन से सात-आठ घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। हमारा घर निचले हिस्से में है, इसके बाद भी पानी नहीं आ रहा है। इस संबंध में जल संस्थान को लिखित शिकायत की है। वहीं, कौलागढ़ स्थित लक्ष्य विहार में पिछले एक महीने से धीमे प्रेशर की समस्या है। उपभोक्ता रीना जैन ने बताया कि 14 घरों में सही से पानी नहीं पहुंच रहा है। पानी एक ही समय आता है और प्रेशर बहुत कम होता है।