Uttarakhand Weather: देहरादून में भीषण गर्मी, पारा 43 डिग्री पार… आने वाले दिनों में टूट सकता है ऑल टाइम रिकॉर्ड

 

देहरादून : Uttarakhand Weather: इस बार की भीषण गर्मी दिनोंदिन सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है। शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में दून का पारा 0.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है।

अब केवल ऑल टाइम सर्वाधिक तापमान जो चार जून 1902 को 43.9 डिग्री सेल्सियस रहा था, इस बार तापमान उसके करीब पहुंचने की संभावना बन रही है। भीषण गर्मी का दौर दो से तीन दिन इसी प्रकार बना रहा तो ऑल टाइम रिकॉर्ड भी इस बार टूट सकता है।

 

शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ अधिक 43.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दून समेत मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप पिछले एक पखवाड़े से बना हुआ है। लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल है। आगे दून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में अगले दो दिन पारे में कमी आने की संभावना नहीं है। दोपहर बाद कहीं-कहीं हवाएं चलने और बादलों के गर्जन की भी संभावना है।

 

लोग सुबह से ही गर्मी से बेहाल

दून में भीषण गर्मी का आलम यह है कि सुबह नौ बजे कई स्थानों पर तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच रहा है, जिससे लोग सुबह से ही गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। दोपहर 12 बजे आशारोड़ी का तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोपहर ढाई बजे दून का अधिकतम तापमान कई स्थानों पर 43.0 डिग्री सेल्सियस रहा दोपहर की भीषण गर्मी से रात 12 बजे तक भी तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। कहीं-कहीं दोपहर बाद हवाएं चल सकती हैं।

पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और बागेश्वर व रुद्रप्रयाग जनपदों में ऊंचाई वाले स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। शेष समूचे मैदानी क्षेत्रों में रविवार तक लू चलने को लेकर ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *