देहरादून: Uttarakhand Weather: दून में शुष्क मौसम में फिर तपिश बढ़ने लगी है। अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में अगले कुछ दिन बारिश के आसार नहीं हैं और चटख धूप के कारण गर्मी बेहाल कर सकती है। दून में आज भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
चटख धूप खिलने से तापमान भी चढ़ने लगा
उत्तराखंड में मौसम फिर शुष्क हो गया है और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से तापमान भी चढ़ने लगा है। शुक्रवार को मैदानी क्षेत्रों में दिनभर चटख धूप खिली और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहे, लेकिन वर्षा नहीं हुई।
हालांकि, न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। जिससे पहाड़ों में सुबह-शाम मौसम सुहावना हो गया है। दिन में चटख धूप के कारण तपिश बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बेहद हल्की वर्षा हो सकती है। आसपास के निचले इलाकों में झोंकेदार हवा चलने की आशंका है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।