Uttarakhand Weather: मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप परीक्षा ले रही, आज इन जिलों में ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी जारी

देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप परीक्षा ले रही है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने के साथ ही कई स्थानों पर बौछार पड़ी। दून समेत आसपास के क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा, जिससे भीषण गर्मी महसूस की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पहाड़ों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती हैं। मैदानी क्षेत्रों में अंधड़ चलने के आसार हैं। देहरादून के आसपास के क्षेत्रों में गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो सकती है वर्षा और ओलावृष्टि

दून में मंगलवार को सुबह से ही चटख धूप खिली रही और पारा तेजी से चढ़ने लगा। हालांकि, हवा चलने से दोपहर तक गर्मी से फौरी राहत रही, लेकिन धीरे-धीरे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा और तपिश बढ़ गई। दोपहर बाद कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडराने लगे। हालांकि, कहीं भी वर्षा नहीं हुई और उमसभरी गर्मी ने बेहाल किया। उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने आज दून में आसमान मुख्यत: साफ रहने से लेकर आंशिक बादल छाये रहने की आशंका जताई है। इस दौरान सतही हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं 70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा और ओलावृष्टि हो सकती है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *