Uttarakhand Weather: पहाड़ में बरसे बदरा, पौड़ी और उत्तरकाशी में अतिवृष्टि से खासा नुकसान; आज ऐसा रहेगा मौसम का हाल

 

देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम के तेवर बदल गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में घने बादल के बीच बौछारों का दौर भी तेज हो गया है। पौड़ी और उत्तरकाशी में अतिवृष्टि से खासा नुकसान हुआ है। कुमाऊं के पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बीते मंगलवार रात को कई स्थानों पर जोरदार वर्षा हुई।

वहीं, देहरादून के मसूरी की तलहटी में बसे क्षेत्रों में शाम को झमाझम वर्षा हुई। हालांकि, शहर में वर्षा न होने के कारण लोग उमस से बेहाल रहे। प्रदेश के अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मी का प्रकोप बना हुआ है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेश के पर्वतीय जिले उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के साथ ही देहरादून, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा और चंपावत में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

 

ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप

दून में बुधवार को सुबह से मौसम शुष्क बना रहा और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिली रही। हालांकि, दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और आसमान में काले बादल मंडराने लगे। शाम को शहर के बाहरी क्षेत्रों में जाखन, सहस्रधारा रोड, मालसी, पुरकल, गुनियाल गांव, बिष्ट गांव, कैनाल रोड, मसूरी मार्ग स्थित क्षेत्रों में करीब आधा घंटा जोरदार वर्षा हुई।

 

जबकि, दिलाराम चौक से घंटाघर की ओर शहर के मुख्य क्षेत्रों में वर्षा नहीं हुई। आशारोड़ी, क्लेमेनटाउन, माजरा, पटेलनगर, कारगी समेत अन्य क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। हालांकि, मौसम के बदले मिजाज से पारे में कुछ गिरावट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *