Uttarakhand Weather: हल्‍द्वानी में बूंदाबांदी से पारे में मामूली गिरावट, दून में फिलहाल राहत के नहीं आसार;

 

देहरादून : Uttarakhand Weather: देहरादून में शुष्क मौसम के बीच चटख धूप पसीने छुड़ा रही है। ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में उमसभरी गर्मी से आमजन बेहाल है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में बौछारें पड़ने से प्रदेशभर में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन अभी गर्मी से राहत नहीं है।

 

हल्‍द्वानी में बदला मौसम

वहीं बुधवार को हल्‍द्वानी में आसमान में बादल छाए रहे और तड़के चली ठंडी हवाओं ने गर्मी से कुछ राहत दी। इससे बाद बूंदाबांदी ने गर्मी से कुछ राहत दी, लेकिन उमस अभी भी बरकरार रही।

 

तापमान में वृद्धि होने के आसार

अगले कुछ दिन राजधानी देहरादून में मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं। आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने से लेकर हल्की वर्षा हो सकती है। उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क है और भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। हालांकि, सोमवार शाम को पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

मैदानी क्षेत्रों में भी पारा करीब पांच दिन बाद 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे आया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को पर्वतीय क्षेत्र उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

आसपास के निचले इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। देहरादून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है और उमसभरी गर्मी बेहाल कर सकती है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *