Uttarakhand Weather Today: नव वर्ष से पहले बदल सकता है मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी की संभावना

देहरादून: Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने का अनुमान है।

हालांकि, लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है कि नये साल की शुरुआत से पहले मौसम करवट ले सकता है।

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को सुबह हल्का कुहासा छाया रहा, लेकिन दिन में चटख धूप खिल उठी। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में शीत दिवस की स्थिति रही। मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है

इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कई क्षेत्रों में कुहासा अथवा छिछला कोहरा देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों के साथ ही नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घने कोहरे की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के चलते सुबह और रात के समय दृश्यता कम रहने से वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं, मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके तहत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

बर्फबारी विशेष रूप से 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

शहर अधिकतम न्यूनतम

देहरादून 22.6 7.2

ऊधम सिंह नगर 15.0 5.4

मुक्तेश्वर 18.7 3.5

नई टिहरी 17.4 3.2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *