देहरादून का संडे मार्केट ISBT के पास होगा शिफ्ट, जिला प्रशासन ने जारी किए आदेश; शिफ्टिंग का विरोध भी शुरू

देहरादून: जिला प्रशासन ने संडे बाजार को रेंजर्स ग्राउंड से आइएसबीटी के पास शिफ्ट करने का आदेश जारी कर दिया है। अब संडे बाजार आइएसबीटी क्षेत्र में एमडीडीए की कालोनी के सामने उत्तराखंड मेट्रो रेल कार्पोरेशन की भूमि पर लगाया जाएगा। हालांकि, इस आदेश के साथ ही एमडीडीए की रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी ने संडे बाजार की शिफ्टिंग का विरोध शुरू कर दिया है।

संडे बाजार को लंबे समय तक लैंसडौन चौक के पास से लेकर तिब्बती बाजार वाली सड़क पर लगाया जाता रहा। कोरोनाकाल में संडे बाजार की व्यवस्था बंद रही है और जब दोबारा से इसका संचालन किया गया तो बाजार को रेंजर्स ग्राउंड में शिफ्ट कर दिया गया।

हालांकि, यह क्षेत्र दून अस्पताल, घंटाघर, कलेक्ट्रेट और कचहरी जैसे अति व्यस्त क्षेत्र के पास है। ऐसे में संडे बाजार से पूरे क्षेत्र में भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। संडे बाजार को रेंजर्स ग्राउंड से शिफ्ट किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जिसका संज्ञान लेकर और रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति की सहमति के आधार पर प्रशासन ने इसकी शिफ्टिंग की दिशा में कदम बढ़ाए।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने शुक्रवार को इसका आदेश भी जारी कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश में कहा गया है कि जिस जगह संडे बाजार शिफ्ट किया जा रहा है, वह मार्च 2023 में नियो मेट्रो परियोजना के लिए मेट्रो रेल कार्पोरेशन को लीज पर आवंटित की गई है।

वर्तमान में भूमि एमडीडीए के नियंत्रण में है। भूमि को खाली बताया गया है। यह भी तय किया गया कि मेट्रो परियोजना का काम धरातल पर शुरू होने तक संडे बाजार वहीं पर संचालित किया जाएगा।

जाम का जोन बने आइएसबीटी क्षेत्र में और विकट होंगे हालात

आइएसबीटी चौक और इसके आसपास का क्षेत्र जाम का जोन बना रहता है। वाहनों के दबाव के चलते चौक को पार करना टेढ़ी खीर होता है। अब निकट भविष्य में दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे भी जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। जिससे देहरादून की तरफ वाहनों का दबाव 20 से 25 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। ऐसी स्थिति में यदि संबंधित क्षेत्र में संडे बाजार लगाया जाता है तो हालत बेहद खराब हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *