Uttarakhand Weather Today: कोहरे के आगोश में रहे उत्तराखंड के मैदान, पहाड़ों में चटख धूप

देहरादून : Uttarakhand Weather news उत्तर भारत में कोहरे से बेपटरी जनजीवन का असर शनिवार को उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में थल से नभ तक देखा गया। मैदानी क्षेत्र दिनभर कोहरे के आगोश में लिपटे रहे। धुंध के कारण दृश्यता भी प्रभावित रही

इसका असर हवाई और रेल सेवाओं पर भी पड़ा। कोहरे के कारण मैदानी क्षेत्रों के तापमान में सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि पहाड़ों में मौसम सुहावना रहा। लोग गुनगुनी धूप का आनंद लेते रहे।l

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं का असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। सुबह और देर शाम ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं। मौसम के बदले मिजाज का कारण पश्चिमी विक्षोभ के अभी तक निष्क्रिय रहने और प्रदूषण को माना जा रहा है।

पहले से ही प्रदूषण की मार झेल रहे मैदानी क्षेत्रों में धूप की किरणों पर धूल का गुबार भारी पड़ रहा है। देहरादून और पंतनगर में कोल्ड-डे कंडीशन (अधिकतम तापमान मैदानी क्षेत्रों में 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम हो) के चलते दिन में भी ठिठुरन बनी रही।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डा. सीएस तोमर के अनुसार पोस्ट मानसून सीजन में इस बार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने का प्रभाव उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। लंबे समय से जारी शुष्क अवधि के कारण फसल चक्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगा है।

सात शहरों में घने कोहरे का यलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को देहरादून, डोईवाला, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, रुड़की और ऋषिकेश सहित मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने के आसार है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 35 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *