देहरादून। नगर निगम ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को कई इलाकों में संयुक्त अभियान चलाया। निगम की टीम ने नाले, सड़कों और निगम भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। कई स्थानों पर नोटिस जारी किए और चालान काटे गए। साथ ही अवैध कब्जों को तुरंत रुकवाया गया। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी
शुक्रवार को सहस्रधारा रोड स्थित कल्पना विहार और शांति विहार क्षेत्र में दुकानदार की ओर से नाले पर अवैध निर्माण पाया गया। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की और भवन स्वामी को तत्काल नोटिस जारी किया। टीम ने स्पष्ट कहा कि नाले पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वार्ड 58 में नगर निगम की जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत सही पाई गई।
निगम अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरे क्षेत्र में तारबाड़ (फेंसिंग) का कार्य किया जाएगा, जिससे भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके। वार्ड 67 तुनवाला में निगम की भूमि पर कब्जे की स्थिति पाए जाने पर निगम की टीम ने मौके पर चल रहा निर्माण कार्य तुरंत रुकवा दिया। साथ ही संबंधित कब्जेदारों को कानूनी कार्रवाई के तहत नोटिस जारी कर दिया गया है। इंदरपुर क्षेत्र में भूमि विवाद और कब्जे की शिकायत पर भी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
निरंजनपुर मंडी में किए चालान, छह ठेले जब्त
निरंजनपुर मंडी में अतिक्रमण, अव्यवस्था और अवैध कब्जे को देखते हुए निगम टीम ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 10 हजार रुपये के चालान काटे गए और छह ठेलों को जब्त किया गया। सहायक नगर आयुक्त रमेश रावत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मंडी व्यापारियों और ठेला संचालकों को चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।