गोवा अग्निकांड के बाद उत्तराखंड पुलिस अलर्ट, सभी मॉल-होटल व रेस्टोरेंट का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट

देहरादून। गोवा में हुए अग्निकांड के दृष्टिगत अब पुलिस ने राज्य में भी जन सुरक्षा के लिए अग्निसुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इस क्रम में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुलिस अधिकारियों को क्रिसमस व नववर्ष कार्यक्रमों के दृष्टिगत सभी माल, होटल व रेस्टारेंट समेत अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा आडिट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शीतकालीन चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण के भी दिशा-निर्देश दिए हैं।

गुरूवार को पुलिस महानिदेशक ने राज्य में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इसमें रेंज व जिलों के अधिकारी आनलाइन माध्यम से शामिल हुए। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि क्रिसमस व नव वर्ष के दृष्टिगत प्रदेश के सभी कैफे, पब, बार, रेस्टोरेंट, होटल, बैंक्वेट हाल, इंवेंट वेन्यू व माल जैसे स्थान जहां अधिक संख्या में लोग एकत्र होते हैं, वहां अग्नि सुरक्षा आडिट किया जाए। इसके लिए जिलाधिकारियों से भी समन्वय किया जाए। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप अग्निशमन उपकरण, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास की व्यवस्था हो। मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने गंभीर अपराधों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, पैरोल व जमानत पर रिहा बंदियों की कारागार वापसी तथा अवैध संपत्ति जब्त करने की भी समीक्षा की। उन्होंने बैठक में पुलिस कर्मियों की विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार, वी मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, नीरू गर्ग, कृष्ण कुमार वीके, मुख्तार मोहसिन, निलेश आनंद भरणे, सुनील कुमार मीणा व अरुण मोहन जोशी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *