देहरादून। शराब पीकर पत्नी व बेटी के साथ मारपीट करने वाले अर्धसैनिक बल में तैनात एक व्यक्ति के विरुद्ध जिला-प्रशासन के निर्देश पर आनलाइन मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला हेमलता का आरोप है कि पति रोज शराब पीकर मारपीट करता है। एक दिन पति ने उसे व उसकी 10 वर्षीय बेटी को आग लगाने का प्रयास किया और सफल नहीं हुआ तो तेजाब डालने का प्रयास भी किया।
कलेक्ट्रेट में पीड़ित हेमलता ने पति से जान की सुरक्षा तथा जीवनयापन खर्चा दिलाने की गुहार जिलाधिकारी से लगाई। जिलाधिकारी ने तत्काल आनलाइन प्राथिमिकी दर्ज कराते हुए प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बता दें कि जिलाधिकारी के सामने ऐसे कई प्रकरण आ रहे, जिनमें स्वजनों, पुत्रों, पत्नी या पड़ोसियों के द्वारा किसी को प्रताड़ित किया जा रहा है।
पुलिस में सुनवाई न होने पर ऐसे प्रकरणों पर जिला प्रशासन की ओर से आनलाइन एफआइआर दर्ज कराई जा रही है। साथ ही इन मामले की निगरानी भी की जा रही है। जनता दर्शन में हर बार आधा दर्जन प्रकरण ऐसे आ रहे। अब तक 110 से अधिक एफआइआर दर्ज हो चुकी हैं।