देहरादून में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, बिहार के एमबीए के छात्र की हुई मौत, दो अन्य युवक गंभीर घायल

विकासनगर (देहरादून): देहरादून-पांवटा हाईवे पर रामपुर स्थित बड़ी मस्जिद के पास कार के पेड़ से टकराने से जय भगवान इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी (जेबीआइटी) सहसपुर के एमबीए के छात्र सत्यम कुमार की मौत हो गई।

बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 22 वर्षीय सत्यम अपने दो दोस्तों के साथ रविवार तड़के सेलाकुई से लौट रहा था। दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

हादसा हुआ तड़के करीब ढाई बजे

हादसा तड़के करीब ढाई बजे हुआ। कार में सत्यम कुमार उर्फ हर्षराज पुत्र पंकज कुमार दुबे के अलावा विनीत गुप्ता निवासी बिहार और सौरभ सिंह निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) भी थे। तीनों एक दोस्त से कार मांगकर ले गए थे। कार सौरभ चला रहा था।

पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच

पुलिस घायल तीनों छात्रों को सीएचसी सहसपुर ले गई, जहां उपचार के दौरान सत्यम की मौत हो गई। एसएसआइ विकास रावत के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक सत्यम एमबीए सेकेंड ईयर का छात्र था और दोनों दोस्तों के साथ किराये के कमरे में रहता था। घायल सौरभ का इलाज ग्राफिक एरा अस्पताल और विनीत का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *