Weather Update: उत्तराखंड में 27 से करवट बदल सकता है मौसम, हफ्ते भर में बढ़ेगी ठंड

देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक मौसम शुष्क बना हुआ है। दिनभर तेज धूप खिलने से पारा भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। जिससे अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भी ठंड सामान्य से कम है। हालांकि, आगामी 27 अक्टूबर को ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है और तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है। जबकि, सोमवार के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने व बूंदाबांदी के आसार हैं।

शनिवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन में तपिश महसूस की जा रही है। ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य या उससे अधिक है। ऊधमसिंह नगर में पारे में गिरावट आने लगी है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। अक्टूबर के शुरुआत में सामान्य से अधिक वर्षा होने के बावजूद अंतिम सप्ताह में भी ठंड सामान्य से कम है। आज भी मौसम के मिजाज में बदलाव के आसार नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *