देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। हालांकि, सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ने लगी है। खासकर रात को पाला गिरने से सुबह ठंडक महसूस की जा रही है। आज से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं। जिससे ठंड बढ़ सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
बुधवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा और दिनभर धूप खिली रही। दोपहर बाद कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडराने के साथ ही हल्की हवाएं भी चलीं। इसके साथ ही दून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान फिलहाल सामान्य से अधिक बना हुआ है। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य या इससे अधिक है। हालांकि, रात को पाला गिरने लगा है, जिससे ठंडक बढ़ती जा रही है।