देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आंशिक बादलों के बीच धूप खिल रही है और कहीं-कहीं हल्की वर्षा का दाैर बना हुआ है। मानसून की विदाई के बावजूद प्रदेश में वर्षा का क्रम नहीं थमा है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण पहाड़ से मैदान तक बौछारें पड़ रही हैं। हालांकि, शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को देहरादून समेत सात जिलों में आंशिक बादल छाये रहने और हल्की वर्षा के आसार हैं। वहीं, शेष जिलों में चटख धूप खिली रह सकती है। रविवार से प्रदेश में दो दिन भारी वर्षा की चेतावनी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को कुछ जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि, ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज के साथ भारी वर्षा का यलो अलर्ट है।
भारी से बहुत भारी बारिश
वहीं, सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून व हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, चोटियों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि व वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी, पौड़ी व नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि व तीव्र वर्षा की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में झोंकेदार हवाएं चलने के भी आसार हैं।