Student Union election: देहरादून के डीएवी में फिर लहराया भगवा, अभाविप की दमदार वापसी

 

देहरादून। उत्तराखंड के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कालेज का छात्रसंघ चुनाव इस साल भी दिलचस्प रहा। अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दमदार वापसी की है।अभाविप के प्रत्याशी ऋषभ मल्होत्रा ने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन आफ इंडिया (एनएसयूआइ) के प्रत्याशी हरीश चंद्र जोशी को 657 वोटों से करारी शिकस्त दी।

दरअसल, डीएवी छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर अभाविप लगातार 14 साल विजयी रही। कालेज अभाविप का अभेद किला कहा जाता था, लेकिन 2023 में हुए चुनाव में अध्यक्ष पद पर आर्यन छात्र संगठन के सिद्धार्थ अग्रवाल ने जीत दर्ज कर अभाविप का विजयरथ रोक दिया। ऐसे में इस साल हुए छात्रसंघ चुनाव में अभाविप को वापस अपना वर्चस्व साबित करने की चुनौती थी। जिसे ऋभभ की जीत ने पूरा किया।

उधर, उपाध्यक्ष पद पर दिवाकर गुट के विशाल कुमार ने एकतरफा जीत हासिल की। उन्होंने देव कुमार को 1279 मतों के भारी अंतर से हराया। जबकि सचिव पद पर आर्यन संगठन के करन नेगी का कब्जा रहा। उन्होंने अभाविप के देवेंद्र सिंह को 54 वोट से शिकस्त दी। सह सचिव पद पर अभिषेक कुमार ने दक्ष शर्मा को 237 मतों से मात दी।

कोषाध्यक्ष पद पर दिव्यांशी कनौजिया और विवि प्रतिनिधि पद पर प्रियांशु सिंह विजयी रही। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थक झूम उठे। जीत के जोश में वह ढोल पर जमकर थिरके। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को कंधे पर उठा लिया और कालेज से सर्वे चौक तक विजय जूलूस निकाला। इस दौरान होली व दिवाली एक साथ मनी। जमकर आतिशबाजी हुई और अबीर गुलाल भी खूब उड़ा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *