Dehradun
पुलिस ने बुधवार को बिंदाल बस्ती में किरायेदारों के सत्यापन और शहर के संवेदनशील इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों ने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने पर 20 मकान मालिकों के चालान कर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा 16 संदिग्धों से पूछताछ की और उनके पुलिस एक्ट के तहत चालान करके चार हजार रुपये जुर्माना वसूला। दूसरी ओर पुलिस ने रैपिड एक्शन फोर्स के साथ मिलकर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त जनसंपर्क अभियान चलाया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में संवेदनशील क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस बल ने कोतवाली नगर और पटेलनगर थाना क्षेत्र के लक्कड़ मंडी, रीठा मंडी, मुस्लिम कॉलोनी, खुड़बुड़ा, धामावाला, लक्खीबाग, मौहल्ला देहराखास, काली मंदिर, इद्रेश, लालपुल और बाजार चौकी जैसे क्षेत्रों का दौरा किया।