देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंगलवार को गांधी शताब्दी चिकित्सालय स्थित एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) और आधुनिक टीकाकरण केंद्र का जायजा लिया. इस दौरान डीएम ने साफ कहा कि बच्चों की जान बचाने के लिए यहां किसी भी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसी कड़ी में उन्होंने एसएनसीयू में 6 एक्स्ट्रा बैड, नई एक्स-रे मशीन और अन्य जरूरी उपकरणों की मंजूरी मौके पर ही दे दी.
सालभर में 286 बच्चों को मिला इलाज
इतना ही नहीं, वार्ड में नर्सिंग स्टाफ की कमी पूरी करने के लिए तुरंत अतिरिक्त नर्सों की तैनाती की मंजूरी भी दी गई. जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि एसएनसीयू के लिए स्टाफ की तैनाती की जाएगी, ताकि बच्चों की देखभाल में किसी तरह की परेशानी न हो. निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसएनसीयू (SNCU Facilities) में भर्ती बच्चों की जानकारी भी ली. बताया गया कि नवंबर 2024 से अब तक 286 बच्चों को यहां भर्ती कर इलाज दिया गया है. सिर्फ अगस्त माह में ही 9 बच्चे यहां भर्ती हुए हैं. गौरतलब है कि सालों तक बंद पड़े इस एसएनसीयू को डीएम बंसल ने ही नवंबर 2024 में दोबारा चालू करवाया था. इसके लिए उन्होंने नर्सिंग स्टाफ और बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती के साथ ही एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई थी
टीकाकरण केंद्र बनेगा लोगों की पहली पसंद
जिलाधिकारी सविन बंसल (DM Savin Bansal) ने इस दौरान अस्पताल में बने आधुनिक वैक्सीनेशन सेंटर का भी निरीक्षण किया. यहां उन्हें बताया गया कि रोजाना 35 से 40 बच्चे और महिलाएं टीकाकरण के लिए आती हैं. खास बात यह है कि यह केंद्र सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहता है. इतना ही नहीं, छुट्टी के दिन भी यहां टीकाकरण जारी रहता है, जिससे नौकरीपेशा और कामकाजी परिवारों को बच्चों का टीकाकरण (Healthcare Improvement) कराने में सुविधा होती है. डीएम बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प के मुताबिक जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं आधुनिक हों और किसी मरीज को निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े.