ब्यूरो,भोपाल। मप्र की पूर्व मंत्री व भाजपा नेता इमरती देवी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी पर मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ ग्वालियर पुलिस ने एससी-एस fcटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार को भाजपा ने निर्वाचन आयोग से उनके चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
पटवारी ने दी सफाई
इधर, पटवारी ने कहा कि उनके बयान को तोड़ कर पेश किया जा रहा है। वह बड़ी बहन जैसी हैं और बड़ी बहन मां के समान होती है। यदि फिर भी किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। पटवारी ने गुरुवार को मुरैना में प्रियंका गांधी वाड्रा की सभा के बाद पत्रकारों द्वारा पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में कहा था कि इमरती का रस खत्म हो गया है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ हुई थीं भाजपा में शामिल
बता दें कि तत्कालीन कमल नाथ सरकार के समय में इमरती देवी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हुई थीं। इसके बाद से ही समय-समय पर कांग्रेस नेता उनके बारे में आपत्तिजनक बातें कहते सुने जा चुके हैं।
2020 के विधानसभा उपचुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी डबरा में एक चुनावी सभा में इमरती देवी को आइटम कह दिया था, जिस पर खूब बखेड़ा हुआ था। जीतू पटवारी के खिलाफ शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।