देहरादून। स्वतंत्रता दिवस पर परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया है। इस दौरान परेड के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो-जोन रहेगा। और परेड ग्राउंड के चारों ओर सभी वाहन, ठेलियां व रेहडियाें का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रातः 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ठ अतिथि, महानुभाव व गणमान्य आगंतुकों की बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, मार्ग संचालन, विद्युत आपूर्ति, स्वागत-सत्कार, स्वच्छता और पेयजल आपूर्ति जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।
ऐसा रहे यातायात प्लान
वीआईपी व अधिकारी ईसी रोड, सर्वे चौक से रोजगार तिराहा से कांवेन्ट तिराहे की ओर जाते ही दाहिने तरफ वीवीआइपी द्वार (मुख्य गेट नंबर-एक) से प्रवेश करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस परेड के समस्त प्रतिभागियों, आर्मी, पैरामिलिट्री, पुलिस, होमगार्ड एवं प्रेस, कार्यक्रम देखने आने वाले सभी नागरिक आदि अपने वाहन कांवेंट तिराहा से लैंसडोन चौक के दोनों ओर, मंगला देवी इंटर कालेज/आइआरडीटीए आडिटोरियम निकट सर्वे चौक में पार्क कर पैदल परेड ग्राउंड के दोनों सामान्य प्रवेश द्वार ( गेट नंबर चार व पांच) से कार्यक्रम स्थल में पहुंचेंगे।
यहां रहेगी पार्किंग व्यवस्था
वीआईपी व अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग मंच के पीछे रैंप एवं खाली मैदान में होगी।
स्वतंत्रता दिवस परेड के समस्त प्रतिभागियों, आर्मी, पैरामीलिट्री, पुलिस, होमगार्ड एवं प्रेस, कार्यक्रम देखने आने वाले बुजुर्गों, बच्चों व महिलाओं के वाहन कांवेंट तिराहा से लैंसीडोन चौक के दोनों ओर, मंगला देवी इंटर कालेज, दून क्लब निकट सर्वे चौक में पार्क होगें।
धर्मपुर, दर्शनलाल चौक, दून चौक की ओर से आने वाले समस्त वाहन दून क्लब एवं आइआरडीटीए में पार्क होंगे।
सर्वे चौक की ओर से आने वाले वाहन मंगला देवी इंटर कालेज ग्राउंड में पार्क होंगे।
राजपुर रोड से परेड में प्रतिभाग व दर्शको के वाहन सेंट जोसेफ सुभाष रोड पर दीवार के किनारे एक तरफ व लार्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट के अंदर पार्क होंगे।