देहरादून । आखिर वह दिन आ गया जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार था। गांव की सरकार के लिए पहले चरण का मतदान गुरुवार को होगा। पहले चरण में देहरादून जिले के तीन विकासखंड चकराता, कालसी और विकासनगर में चुनाव हो रहे हैं।
यहां 252788 मतदाता ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के 1204 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। कुल मतदाताओं में 119600 महिला और 131188 पुरुष वोटर हैं। विभिन्न पदों पर 1186 प्रतिनिधि पहले ही निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य के 858, ग्राम प्रधान के 231, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 97 प्रतिनिधि शामिल हैं।
जिला पंचायत सदस्य पर एक भी निर्विरोध निर्वाचन नहीं हो सका है। पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्र और मतदेय स्थलों पर पहुंच चुकी हैं। जिले में तीन विकासखंडों में ग्राम पंचायत की संख्या 281 है, जिसमें मतदान केंद्रों 367 और मतदेय स्थल 509 हैं। दो जिला पंचायत सीट हाट बनी हैं। दोनों पर रोचक मुकाबले की उम्मीद है।
बृनाड बास्तिल से चकराता विधायक प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनावी मैदान में हैं, जबकि कचटा जिला पंचायत सीट से विधायक मुन्ना सिंह चौहान की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान भाग्य अजमा रहीं हैं। सहसपुर, रायपुर, डोईवाला में 28 जुलाई को दूसरे चरण का मतदान होगा। 26 जुलाई शाम पांच बजे प्रचार-प्रसार थम जाएगा।
तीनों विकासखंड की 128 ग्राम पंचायत में कुल 293040 मतदाता हैं, जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 143286 हैं। पुरुष मतदाता 149754 हैं।