Deharadun News: शिक्षक ने छात्र से करवाईं 400 उठक-बैठक, बिगड़ी तबीयत; मेघालय से एनडीए की तैयारी करने आया था दून

देहरादून। शिलांग (मेघालय) से एनडीए की तैयारी करने दून आए एक छात्र के साथ सेंचुरियन डिफेंस एकेडमी के शिक्षक ने क्रूरतापूर्ण व्यवहार किया। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र से 400 उठक-बैठक करवाईं, जिस कारण उसकी तबीयत खराब हो गई। 18 दिन से अस्पताल में रहने के कारण वह एकेडमी नहीं जा पाया। मामले की जानकारी मिलने पर छात्र के पिता ने शिलांग पुलिस को तहरीर दी है।

जीरो एफआइआर दर्ज करने के बाद केस वसंत विहार थाने को स्थानांतरित किया गया। वसंत विहार थाना पुलिस ने आरोपित शिक्षक जय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी तहरीर में बनजीत कुमार बर्मन निवासी लुमशातसंगी, शिलांग, मेघालय ने बताया कि वह स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार में फायर फाइटर के पद पर तैनात हैं।

सहपाठी को कक्षा में बात करते सुन लिया

उन्होंने इसी वर्ष 15 अप्रैल को अपने बेटे का एडमिशन बल्लूपुर चौक स्थित सेंचुरियन डिफेंस एकेडमी में एनडीए की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए कराया था। चार जुलाई को एकेडमी के शिक्षक जय ने उनके बेटे वर्गव बर्मन व उसके सहपाठी को कक्षा में बात करते हुए सुन लिया।

400 उठक-बैठक लगाने को कहा

क्लास खत्म होने के बाद शिक्षक ने उनके बेटे व उसके दोस्त को बाहर बुलाया और डांट लगाते हुए 400 उठक-बैठक लगाने को कहा। शिकायतकर्ता ने बताया कि शिक्षक का रवैया गुस्सैल है, जिसके चलते डर के कारण दोनों बच्चों ने उठक-बैठक लगानी शुरू कर दी। शिक्षक ने दूसरे बच्चे को छोड़ दिया, जबकि उनके बेटे वर्गव से पूरे उठक-बैठक लगवाए। उस समय वर्गव ठीक था, लेकिन सुबह पीठ, दोनों घुटनों में सूजन व खिंचाव आ गया, जिस कारण वह एकेडमी नहीं जा पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *