Kanwar Yatra 2025: देहरादून से दिल्ली जाने वाली बसों का रूट बदला, करनाल मार्ग पर बढ़ेगी 59 KM दूरी!

 

देहरादून। कांवड़ यात्रा में भीड़ बढ़ने के साथ ही छुटमलपुर-रुड़की-मुजफ्फरनगर मार्ग के बाद सोमवार से देवबंद-मुजफ्फरनगर-मेरठ मार्ग भी बंद हो गया। ऐसे में शुक्रवार से देवबंद-मुजफ्फरनगर मार्ग से दिल्ली जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का मार्ग सोमवार से फिर परिवर्तित हो गए। सुबह से बसों को सहारनपुर एक्सप्रेस-वे से चुनैटी-रामपुर-शामली-बागपत मार्ग से दिल्ली भेजना शुरू कर दिया गया।

निगम अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में कांवड़ यात्रियों की भीड़ बढ़ने और शामली मार्ग बंद होने पर बसों को सहारनपुर एक्सप्रेस-वे से यमुनानगर-करनाल-पानीपत होकर दिल्ली भेजा जाएगा। अभी बसों के किराये में किसी तरह की वृद्धि नहीं की गई है।

कांवड़ यात्रा के चलते छुटमलपुर-रुड़की व देवबंद-मुजफ्फरनगर मार्ग हुआ बंद

अभी केवल देहरादून से दिल्ली या दिल्ली होकर दूसरे शहरों को जाने वाली बसें शामली मार्ग से भेजी जा रही हैं, लेकिन जैसे-जैसे कांवड़ यात्रियों की भीड़ बढ़ रही, उस दौरान ऋषिकेश व हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली बसें भी वाया देहरादून-सहारनपुर-यमुनानगर-करनाल मार्ग से संचालित की जाएंगी।

अभी हरिद्वार व ऋषिकेश की ओर से जाने वाली बसों को वाया जानसठ-मीरापुर होकर भेजा जा रहा है। उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक पवन मेहरा की ओर से सभी डिपो एजीएम को आदेश दिया गया है कि प्रशासन की ओर से निर्धारित मार्ग पर ही बसों का संचालन किया जाए।

भीड़ बढ़ने पर सहारनपुर-यमुनानगर-करनाल-पानीपत होकर भेजी जाएंगी बसें

बता दें कि, कांवड़ यात्रा की शुरुआत के साथ ही शुक्रवार सुबह से दून से दिल्ली जाने वाली बसों का मार्ग बदल गया था। पहले यह बसें निर्धारित मार्ग दून-रुड़की-मेरठ होकर जा रही थी लेकिन शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस ने छुटमलपुर से रुड़की का मार्ग बंद कर दिया। जिससे बसों को छुटमलपुर-सहारनपुर एक्सप्रेस-वे से देवबंद-मुजफ्फरनगर होते हुए दिल्ली भेजा जा रहा था।

दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, जयपुर, फरीदाबाद, अलवर, आगरा जाने वाली बसें भी देवबंद होकर जा रही थी, लेकिन सोमवार सुबह देवबंद मार्ग बंद हो जाने के कारण बसों को सहारनपुर-शामली होकर संचालित किया गया।

करनाल मार्ग पर बढ़ेगी 59 किमी दूरी

अभी दिल्ली के लिए दूरी में कोई अंतर नहीं आया है, लेकिन अगर बसें वाया करनाल जाएंगी तो देहरादून-दिल्ली के बीच की दूरी 59 किमी बढ़ जाएगी। उस स्थिति में निगम किराये में मामूली वृद्धि करने की बात कह रहा है।

निगम ने गत वर्ष करनाल मार्ग से बसों के संचालन के दौरान वॉल्वो बस के किराये में महज एक रुपया बढ़ाया था, जबकि साधारण बस के किराये में 10 रुपये की वृद्धि की थी।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *