देहरादून। एक व्यक्ति को जेप्टो एप का हेल्पलाइन नंबर गूगल पर सर्च करके फोन करना भारी पड़ गया। साइबर ठग ने बातों में उलझाकर उनके खाते से 1.95 लाख रुपये उड़ा दिए।
साइबर थाना क्राइम की प्राथमिक जांच के बाद नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी तहरीर में श्रीश कुमार निवासी धर्मपुर ने बताया कि 28 जून की दोपहर को उन्होंने जेप्टो एप से खाद्य साम्रग्री मगंवाई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब आधे घंटे तक सामान घर पर नहीं पहुंचा तो उन्होंने गूगल से जेप्टो एप हेल्पलाईन का नंबर सर्च किया और अपने रुपये रिफंड करने को कहा।
हेल्पलाइन से उन्हें एक नंबर दिया गया और उस पर शिकायत दर्ज करने को कहा गया। दिए नंबर पर जब उन्होंने संपर्क किया तो अज्ञात व्यक्ति ने करीब 50 मिनट तक उलझाकर रखा। इस दौरान खातों के बारे में जानकारी हासिल करते हुए उनके दो खातों से 1.95 लाख रुपये निकाल लिए।
इसके बाद उन्होंने 1930 हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया, जहां से उन्हें हेल्पलाइन दिया गया। हेल्पलाइन नंबर पर बात करके वह साइबर क्राइम थाना पहुंचे जहां उनसे एक फार्म भरवाया गया। थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।