देहरादून। अवैध शराब के विरुद्ध प्रदेशभर अभियान चला रहे आबकारी विभाग ने रविवार की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरुकुल स्थित एक रेस्टोरेंट लहासा तिब्बत किचन भोजनालय पर छापा मारा। राजपुर थाना क्षेत्र में चल रहे उक्त रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस अवैध रूप से ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी।टीम को न केवल वहां काफी संख्या में लोग शराब पीते हुए मिले, बल्कि महंगी शराब की बोतलें भी बरामद की गई। आरोपित रेस्टोरेंट संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई आबकारी विभाग की मसूरी टीम ने की।
रेस्टोरेंट में अवैध रूप से परोस रहे थे शराब
बताया गया कि टीम को काफी समय से पुरुकुल में संचालित हो रहे रेस्टोरेंटों में अवैध रूप से शराब परोसे जाने की शिकायत मिल रही थी। टीम के छापे से बाकी रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप मच गया। लहासा तिब्बत किचन भोजनालय से आबकारी टीम को बैलेंटाइंस, जेमसन, ओकन व्हिस्की, रणथंभौर जैसी महंगी शराब की बोतलें मिलीं। इसके अलावा बीयर के खाली डिब्बे भी बरामद हुए, जिनमें बुओ बियर, कार्ल्सबर्ग एलीफेंट, किंगफिशर अल्ट्रामैक्स और रियो गोल्ड जैसे ब्रांड शामिल हैं। इस मामले में रेस्टोरेंट संचालक सचिन सिंह निवासी सरनोल के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कब से चल रहा रेस्टोरेंट में धंधा, जुटा रहे जानकारी
आबकारी विभाग की टीम अब जानकारी जुटा रही कि रेस्टोरेंट में कब से यह धंधा चल रहा था और इसमें और कौन लोग शामिल हैं। टीम में आबकारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार जोशी, उप निरीक्षक शोभन सिंह रावत, नौशाद अली और भीम प्रसाद शामिल रहे। आबकारी विभाग ने जनता से अपील की है कि वह ऐसी गतिविधियों की जानकारी विभाग को दें, ताकि अवैध धंधा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई प्रभावी हो सके।
प्रदेशभर में चल रही कार्रवाई
आबकारी विभाग की टीमों ने रविवार को प्रदेशभर में कार्रवाई की। दून के अलावा हरिद्वार, चंपावत, बागेश्वर व ऊधमसिंहनगर में भी चेकपोस्टों पर जांच की गई। वहीं, आबकारी टीम ने ऋषिकेश के मनसा देवी गुमानीवाला क्षेत्र से 48 पाउच देसी शराब भी बरामद की। इसमें स्थानीय निवासी भजन सिंह को गिरफ्तार किया गया। टीम में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक उमराव सिंह आदि शामिल रहे।