देहरादून। प्रदेश में जिन नदियों के बाढ़ मैदान परिक्षेत्र (फ्लड प्लेन एरिया) अधिसूचित किए जा चुके हैं, वहां एलिवेटेड रोड जैसी परियोजनाओं का निर्माण किया जा सकेगा।
इस निर्णय से सीधे तौर पर 6200 करोड़ रुपए की रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड परियोजना को फायदा मिलेगा। क्योंकि, इस तरह के निर्माण को मंजूरी दिए जाने के बाद नदी क्षेत्र में निर्माण कार्यों में खड़ी होने वाली विभिन्न कानूनी अड़चन से आसानी से पार पाया जा सकेगा।
रिस्पना नदी के बाढ़ मैदान परिक्षेत्र को अधिसूचित किया जा चुका है, जबकि बिंदाल नदी में सर्वे के बाद यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वर्तमान में दोनों नदियों में 26 किमी एलिवेटेड रोड बनाने की प्रक्रिया गतिमान है। परियोजना क्षेत्र में वर्तमान में सेटेलाइट अध्ययन के बाद धरातल पर निर्माण चिह्नित किए जा रहे हैं।
साथ ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी गतिमान है। जमीन अधिग्रहण संबंधी सभी औपचारिकताओं की पूरी के बाद एलिवेटेड रोड का निर्माण एनएचएआइ से कराए जाने पर भी सहमति बनी है। उम्मीद की जा रही है कि छह से सात माह के भीतर जमीन अधिग्रहण और लाइनों की शिफ्टिंग की सभी प्रक्रिया पूर्ण कर दी जाएगी।