उत्‍तराखंड के इस वॉटर फॉल में कुछ दिन पहले हुई थी पर्यटकों की मौत, रोक हटने पर उमड़े पर्यटक; लगा जाम

 

चकराता। रोक हटने के बाद शनिवार को टाइगर फॉल की सैर के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़े। हालांकि पर्यटकों की संख्या बढ़ने से टाइगर फॉल वाले रूट पर जाम लग गया।

पर्यटकों ने टाइगर फॉल के विहंगम नजारे को अपने कैमरों में कैद किया। कुछ दिन पहले टाइगर फॉल में नहाते समय पेड़ गिरने से दो पर्यटकों की मौत हो गई थी। इसके बाद पर्यटकों के तालाब में नहाने पर रोक लगा दी गई थी। लेकिन अब यहां जाने पर रोक हटा ली गई है।

सप्ताहांत की छुट्टियों के बीच चकराता और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। इससे पूरा क्षेत्र गुलजार रहा। दिल्ली, देहरादून, सहारनपुर समेत उत्तर भारत के कई शहरों से बड़ी संख्या में पर्यटक चकराता की ठंडी वादियों में प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने पहुंचे। पर्यटकों की अच्छी खासी आमद से चकराता के होटल, रिजार्ट और रेस्टोरेंट पूरी तरह फुल रहे। पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के चेहरे पर रौनक लौट आई है।

स्थानीय होटल व्यवसायी हरचरण सिंह ने बताया कि वीकेंड पर आने वाले पर्यटकों ने पहले ही बुकिंग कर ली थी। टाइगर फॉल , लाखामंडल, देववन, लोखंडी, चिरमिरी टाप, पुरोडी से आगे के शांत पर्यटन स्थल भी पर्यटकों से भरे नजर आए।

पर्यटकों ने ट्रैकिंग, फोटोग्राफी और स्थानीय खानपान का भरपूर आनंद लिया। व्यापारियों देवेंद्र सिंह चौहान, रविंद्र सिंह चौहान, रवि रावत, शूरवीर चौहान, दिनेश चांदना आदि ने उम्मीद जताई कि अगले सप्ताह भी पर्यटकों की आमद इसी तरह बनी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *