देहरादून। किन्नरों द्वारा मांगलिक कार्यों, त्योहार, गृहप्रवेश आदि अवसरों पर लोगों को बद्दुआ का भय दिखाकर की जाने वाली अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए संयुक्त नागरिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था वी मुरुगेशन से मुलाकात की।
संगठन के सुझाव पर पुलिस मुख्यालय ने पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल व कुमाऊं परिक्षेत्र समेत समस्त जनपदों के वरिष्ठ/पुलिस अधीक्षक को जिला स्तर पर लोगों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। साथ ही इसकी आख्या 15 दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है।
बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों ने अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था से मुलाकात की। संगठन सचिव सुशील त्यागी ने बताया कि इस विषय पर जिलाधिकारी सविन बंसल को संगठन ने 27 मई को ज्ञापन भेजा था। जिसपर नगर मजिस्ट्रेट ने पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर, राजपुर, नेहरू कालोनी को जारी पत्र में जबरन वसूली से निजात दिलाने के लिए जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य में आमजन किन्नरों के असभ्य, अनुचित, अवैधानिक व्यवहार को लेकर अपनी शिकायत आपातकालीन नंबरों पर दर्ज कराकर एफआइआर भी दर्ज करा सकेंगे। इस मौके पर चौधरी ओमवीर सिंह, चंद्रगुप्त विक्रम प्रकाश नागिया, मुकेश नारायण शर्मा, प्रदीप कुकरेती, एलआर कोठियाल, अवधेश शर्मा आदि मौजूद रहे।