उत्तरराखंड के लोगों के लिए खुशखबरी, हरिद्वार बाईपास रोड से जुड़ेगा दीपनगर; बनेगा नया मार्ग

 

देहरादून। दीपनगर शहर के सर्वाधिक घनी आबादी वाले क्षेत्र में से एक है। बावजूद इसके यहां पहुंच मार्गों की स्थिति बेहद दयनीय है। हरिद्वार बाईपास रोड की तरफ से दीपनगर जाने के लिए अजबपुर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के पास से एक संकरा मार्ग जाता है और दूसरी तरफ केदारपुरम की तरफ से एक पैदल पुल है। हालांकि, अब लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड ने दीपनगर के लिए अलग मार्ग बनाने की तैयारी कर ली है। करीब 12 मीटर चौड़े मार्ग की परियोजना अंतिम चरण में है।

लोनिवि निर्माण खंड के अधिकारियों के अनुसार, दीपनगर के लिए नए मार्ग का निर्माण अजबपुर आरओबी की रिस्पना पुल की तरफ जाने वाली लेन से 90 डिग्री का कोण लेते हुए किया जाएगा। यहां महज 200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कर दीपनगर को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ दिया जाएगा। हालांकि, इस भाग पर एक खेत आ रहा है। जिसके अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

खेत के अधिग्रहण के लिए सामाजिक समाघात आकलन के साथ ही मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने विभिन्न पहलुओं पर विचार करने के साथ अपनी सहमति दे दी है। प्रकरण को विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को भेजा जा चुकी है। जिसके क्रम में भूमि की कीमत का आकलन कर अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। इसी के बाद तय हो पाएगा कि परियोजना की कुल लागत क्या होगी। उम्मीद है कि सालभर के भीतर नए मार्ग का निर्माण कर दीपनगर की राह आसान कर दी जाएगी।

केदारपुरम की तरफ से 21 मीटर लंबा पुल

केदारपुरम की तरफ से दीपनगर के बीच आवागमन करने के लिए अब तक महज एक पैदल पुल ही है। अब इस पुल की जगह डेढ़ लेन का नया मोटर पुल बनाया जाएगा। करीब 3.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल के लिए लोनिवि निर्माण खंड ने टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं। टेंडर भरने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है। निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल के अनुसार, पुल की कुल लंबाई 21 मीटर होगी। इसके निर्माण के साथ ही दीपनगर के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *