विकासनगर । देहरादून जिले के पछवादून में पहली बार दुर्लभ प्रजाति के व्हाइट लिप्ड ग्रीन पिट वाइपर सांप को रेस्क्यू किया गया। इससे पूर्व राजधानी देहरादून में इस प्रजाति का सांप 2022 में रेस्क्यू किया गया था। व्हाइट लिप्ड ग्रीन पिट वाइपर पहाड़ से सब्जी व अन्य सामान से भरी गाड़ी में सवार होकर विकासनगर पहुंचा।
संरक्षित श्रेणी के इस सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने तो इसे पहली बार देखा। सूचना मिलने पर कालसी वन प्रभाग के चौहड़पुर रेंज के संविदा कर्मी आदिल मिर्जा ने इसे रेस्क्यू किया। इस विषैले सांप को रेस्क्यू करने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया कि इस प्रजाति का सांप पहाड़ में ही मिलता है। यह मैदानी इलाकों में नहीं पाया जाता। पहाड़ से किसी वाहन पर लदे सब्जी आदि में छिपकर यह सांप यहां तक पहुंचा।
वैसे तो पछवादून में कोबरा, कामन करैत, रसल वाइपर समेत 11 प्रजातियों के सांप बहुतायत में हैं। लेकिन व्हाइट लिप्ड ग्रीन पिट वाइपर सांप यहां नहीं पाए जाते। नगर में पर्वतीय क्षेत्रों जौनसार बावर, रवाईं, नैनबाग, जौनपुर, उत्तरकाशी आदि से किसान वाहनों में सब्जियां व फल और अनेक प्रकार की कृषि उपज लेकर पछवादून की विभिन्न मंडियों में आते हैं।
विद्यापीठ वाली गली में पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के चालक अक्सर अपने वाहनों को खड़ा करते हैं। ऐसे ही किसी वाहन में व्हाइट लिप्ड ग्रीन पिट वाइपर सांप सफर कर विकासनगर पहुंच गया। विद्यापीट मार्ग पर एक दुकान के बाहर जब लोगों ने हरे रंग का सांप देखा तो वहां भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर चौहड़पुर रेंज के संविदा कर्मी आदिल मिर्जा मौके पर पहुंचे। इसके अलावा सर्प मित्र ने गुडरिच से एक चेकर्ड कीलबैक सांप को भी रेस्क्यू किया।