DehradunWeather: उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बौछारों का दौर जारी है। बीते शनिवार शाम को ज्यादातर क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई, जिससे कई जगह दुश्वारियां बढ़ गईं। कहीं पेड़ गिरने तो कहीं सड़कों पर मलबा आने से जनजीवन प्रभावित रहा।
रविवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा का क्रम जारी रहा। हालांकि, देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में धूप खिली रही। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी आंशिक बादल छाये रहे और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
कुमाऊं में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में झमाझम बारिश
रविवार को दून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। हालांकि, दोपहर बाद कहीं-कहीं बादल मंडराते रहे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। इसके अलावा ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में आसमान साफ रहा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में दिनभर बादल मंडराते रहे।
कुमाऊं में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। इस दौरान मुक्तेश्वर व आसपास के क्षेत्रों में 50 मिलीमीटर तक वर्षा रिकार्ड की गई। जबकि, शनिवार शाम को दून में भी 40 मिमी, धनोल्टी में 55 मिमी, मसूरी में 20 मिमी वर्षा हुई।