Uttarakhand Weather: देहरादून में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, सीजन में पहली बार पारा 40 पर; और बढ़ेगी गर्मी

 

देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक गर्मी चरम पर पहुंच गई है। शुष्क मौसम में सूरज के तेवर तल्ख हैं और पारा तेजी से चढ़ रहा है।

इस सीजन में पहली बार उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इसके साथ ही देहरादून में पारे ने तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दून में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

नैनीताल समेत प्रमुख पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। आज प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और तेजधूप खिलने के आसार हैं। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने और गर्जन के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं।

भीषण गर्मी ने छुटाए पसीने

शुक्रवार को सुबह से ही दून समेत आसपास के क्षेत्रों में चटख धूप खिली रही। दोपहर हाेते-होते धूप और तेज हो गई और भीषण गर्मी ने पसीने छुटाए। झुलसाने वाली धूप और तपिश ने दूनवासियों को बेहाल किया। जबकि, दोपहर बाद गर्म हवा के थपेड़े भी परेशानी बढ़ाते रहे।

पहाड़ों में भी तपिश बढ़ने के साथ ही तापमान में उछाल आया। प्रदेश में पहाड़ से मैदान तक पारा तेजी से चढ़ रहा है। इसके साथ ही रुड़क सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।

वहीं, इसके साथ ही इस सीजन में प्रदेश में कहीं भी 40 डिग्री सेल्सियस तापमान पहली बार पहुंचा है। इसके अलावा दून में भी रिकॉर्ड 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। यह वर्ष 2022 के बाद अप्रैल में सर्वाधिक है। दून का तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, नैनीताल में भी तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से गर्मी बेहाल कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *