Uttarakhand Weather: पारे ने लगाई छलांग, तपिश करने लगी परेशान; ‘गर्मी’ ने तोड़ा सात साल का रिकॉर्ड

देहरादून। Uttarakhand Weather: सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं और उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक तपिश अचानक बढ़ गई है। सुबह-शाम की ठंड भी अब न के बराबर है। चटख धूप खिलने से पारे में भारी उछाल दर्ज किया गया है।

दून में सात वर्ष बाद मार्च के पहले पखवाड़े में तापमान सर्वाधिक स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से छह से नौ डिग्री सेल्सियस तक अधिक पहुंच गया है। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से गुरुवार से प्रदेश में मौसम के करवट लेने की आशंका जताई गई है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा के आसार हैं। जिससे पारा कुछ लुढ़क सकता है।

तेज धूप से दिनभर तपिश

बुधवार को दून में सुबह से ही तेज धूप खिली रही और दिनभर तपिश महसूस की गई। दिन में मौसम गर्म हो गया और खुले आसमान में धूप पसीने छुड़ाती रही। जिससे पारा भी चढ़ गया। दून का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है।

इसके साथ ही मसूरी का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक है। ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, गुरुवार से मौसम के करवट बदलने के आसार हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *