देहरादून । Champions Trophy 2025: पिछले साल जून में टी-20 विश्व कप में भारत के हाथों मिली करारी पराजय के लगभग साढ़े सात माह बाद चिर प्रतिद्वंद्वी भारत-पाक के बीच रविवार को होने वाले चैंपियंस ट्राफी क्रिकेट मैच को लेकर देहरादून के क्रिकेट प्रेमियों में भी काफी उत्साह है।
प्रशंसकों को अपनी टीम पर विश्वास है कि भारत चैंपियंस ट्राफी में अपना अजेय क्रम जारी रखेगी। इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर शहर के तमाम बड़े होटलों व रेस्तरां में ग्राहकों के लिए बिग स्क्रीन लगाई गई हैं।
भारत ने पाकिस्तान को हमेशा किया पराजित
अधिकांश बड़े मुकाबलों में हमेशा भारत ने पाकिस्तान को पराजित किया है। ऐसे में दूनवासियों को आशा है कि रविवार को भी भारत अपने शानदार रिकार्ड को बरकरार रखते हुए पाक पर बादशाहत कायम रखेगा
कई प्रशंसकों ने भारत की जीत के बाद रात को आतिशबाजी एवं मिष्ठान वितरण की पहले से ही व्यवस्था कर ली है। प्रशंसकों का कहना है कि पाक के विरुद्ध ओपनर बल्लेबाज कप्तान रोहित शर्मा व शुभमन गिल का बल्ला गरजेगा। साथ ही स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला भी चौके व छक्के लगाता हुए दिखेगा। शहर में सभी क्रिकेट एकेडमी के हाल या परिसर में बिग स्क्रीन पर मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
पुलिस भी सतर्क, कड़ी चौकसी
पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए तैयारी की हुई है। शहर में किसी भी विवाद की स्थिति से निपटने को लेकर खुफिया विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्र में हर पल स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।