Uttarakhand Weather Update : बदला मौसम का मिजाज, चोटियों पर बर्फ गिरने से लुढ़का पारा; अब सताएगी गलनभरी सर्दी

देहरादून। Uttarakhand Snowfall: उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। इस बीच बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब समेत ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। निचले इलाकों में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई। जिससे में पारे में भी कुछ गिरावट आई।

आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा छाने और दिन में धूप खिली रहने के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से आगामी 11 जनवरी से प्रदेश में एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।

सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से ही बादल मंडराते रहे। दून में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। बीच-बीच में सर्द हवाओं ने भी ठिठुरन बढ़ा दी। कुछ इलाकों में दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। वहीं, मसूरी समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बादलों का डेरा रहा और वर्षा हुई।

उधर, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत तमाम ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। पहाड़ों में कई स्थानों पर हल्की वर्षा भी हुई। ऐसे में अधिकतम तापमान में भी कुछ कमी दर्ज की गई। हालांकि, अभी भी ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।

प्रदेश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले कुछ दिन आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार समेत आसपस के मैदानी क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रह सकती है। इसके बाद 11 और 12 जनवरी को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादलों का डेरा रह सकता है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *