Maharashtra Elections 2024: सीट बंटवारे पर क्या राहुल गांधी नाराज? आज उद्धव और शरद पवार के साथ बड़ी बैठक

Maharashtra Elections 2024: सीट बंटवारे पर क्या राहुल गांधी नाराज? आज उद्धव और शरद पवार के साथ बड़ी बैठकहै।

नई दिल्ली। दिल्ली में शुक्रवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक हुई। बताया जाता है कि सीट बंटवारे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी नाराज हैं। उन्होंने पार्टी की मजबूत पकड़ वाली सीटों को शिवसेना (यूबीटी) को देने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। हालांकि महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने महाविकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन में दरार की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन में सब कुछ ठीक है। शनिवार शाम तक गठबंधन अपने सभी उम्मीदवारों की सूची घोषित कर देगा।

साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव

चेन्निथला ने कहा कि पार्टी नेता बालासाहेब थोराट आज शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और एनसीपी (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार से मिलकर सभी मुद्दों को सुलझाएंगे। चेन्निथला ने कहा कि एमवीए में सब ठीक है। हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में कोई समस्या नहीं है। समस्या महायुति गठबंधन में है। हम सब साथ हैं। हम एक फॉर्मूला तैयार कर रहे हैं। शनिवार शाम तक सभी सीटों की घोषणा कर दी जाएगी।

राहुल गांधी खफा!

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक राहुल गांधी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर अपनी नाराजगी जताई है। नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता अपनी बात मजबूती से नहीं रख सके हैं।

सपा को भी मिलेंगी सीटें

जब चेन्निथला से सीट बंटवारे पर मतभेद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि महायुति में समस्या अधिक है। एमवीए में समस्या कम है। शनिवार को बालासाहेब थोराट उद्धव और शरद पवार से मिलेंगे। सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। हमने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का समर्थन किया था। मगर कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि गठबंधन ने सीट बंटवारे पर सहमति बना ली है। कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उनके इस दावे की पुष्टि संजय राउत ने भी की। उन्होंने कहा कि महाविकास अघाड़ी के सभी घटक दल 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। बाकी सीटें अन्य दलों को दी जाएंगी।

पिछले चुनाव में कैसा रहा सियासी दलों का हाल?

20 नवंबर को महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। 23 नवंबर को रिजल्ट घोषित होंगे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने 105, शिवसेना ने 56 और कांग्रेस ने 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2014 में भाजपा ने 122, शिवसेना ने 63 और कांग्रेस ने 42 सीटों पर कब्जा जमाया था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *