देहरादून। Tirupati Prasad Controversy: तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलावटी घी को लेकर विवाद के बाद प्रदेश सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत के निर्देशों पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि नियंत्रक विभाग ने प्रदेशभर में देसी घी और मक्खन में मिलावट के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है।
देसी घी और मक्खन के साथ ही मिठाई की दुकानों से भी सैंपल लिए गए। स्वास्थ्य सचिव और खाद्य आयुक्त डा. आर राजेश कुमार ने कहा कि राज्य में मिलावटी घी और मक्खन बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर लड्डू का सैंपल लेकर जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाजार में बिकने वाले घी की जांच के लिए भी कहा गया है।
कई कंपनियों के घी व मक्खन के सैंपल लिए गए
अपर आयुक्त ताजबर जग्गी ने बताया कि मिलावटी घी और मक्खन पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान शुरू कर दिया गया है। सभी जनपदों में मिठाई की दुकानों और देसी घी व मक्खन बेचने वालों की दुकानों पर छापेमारी के निर्देश अधिकारियों को दिए गए थे। जिसको लेकर कार्रवाई शुरू हो गई है।
जांच टीम ने कई कंपनियों के घी व मक्खन के सैंपल भी लिए हैं। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान मंडल के उपायुक्त और जनपदीय अभिहित अधिकारियों के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
जिसमें वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राज्य में स्थित विनिर्माण इकाइयों, भंडारणकर्ताओं का सघन निरीक्षण करते स्थानीय एवं विभिन्न ब्रांडों के घी एवं मक्खन के विधिक एवं सर्विलांस नमूनों का संग्रहण करेंगे।
देहरादून में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक छापेमारी
गढ़वाल मंडल में डिप्टी कमिश्नर आरएस रावत के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। देहरादून जनपद के विभिन्न स्थानों पर देसी घी व मक्खन की जांच की गई। दही, घी, क्रीम आदि के आठ नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए।
देहरादून जनपद के शहरी क्षेत्रों के अलावा हरबर्टपुर, सहसपुर, सुद्दोवाला में भी सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। टीम में जिला अभिहित अधिकारी मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संतोष सिंह, संजय तिवारी आदि शामिल रहे।