Uttarakhand Weather: बारिश के चलते दो दिन में लुढ़का देहरादून का पारा, पंखे और एसी बंद

 

देहरादून । Uttarakhand Weather: दो दिनों से हो रही वर्षा के कारण दून के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। पिछले करीब 36 घंटे के दौरान देहरादून और आसपास के क्षेत्र में 51.2 मिमी व मसूरी में 47.5 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।

बीते बुधवार को दून का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, शुक्रवार को दूर का पारा गिरकर 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इस अवधि में सबसे अधिक वर्षा कुमाऊं मंडल के लोहघाट में 284 मिमी, नैनीताल में 218, चम्पावत में 202 मिमी में रिकार्ड की गई।

पांच बजे बाद थमी बारिश

शुक्रवार को दून के आसपास के क्षेत्रों में 11 बजे से रिमझिम वर्षा शुरू हुई और दोपहर 12 बजे के बाद वर्षा तेज हो गई। लगातार पांच घंटे तक दून के झाझरा, प्रेमनगर, गढ़ीकैंट, आइएसबीटी, मोहब्बेवाला, बंजारावाला, नेहरूग्राम, जाखन, राजपुर रोड, चकराता रोड, माल देवता,सहस्रधारा, बिधौली आदि क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई।

पांच बजे बाद वर्षा थमने से आमजन ने राहत की सांस की। इस दौरान प्रिंस चौक, आढ़त बाजार, सहारनपुर चौक आदि में जनभराव हुआ। स्कूलों में अवकाश होने से स्कूली बच्चे तो भीगने से बच गए, लेकिन पैदल चलने वाले आमजन और दुपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामने करना पड़ा।

देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 24.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *