Dehradun News: कूड़ा फेंकने पर टोका तो सफाई निरीक्षकों पर हमला, हड़ताल की चेतावनी

 

देहरादून। पटेलनगर स्थित पाम सिटी के निकट कूड़ा फेंकने की मिल रही शिकायत के बाद जायजा लेने पहुंचे सफाई निरीक्षकों की कुछ युवकों ने बुरी तरह पिटाई कर दी। जिस पर मुख्य सफाई निरीक्षक विश्वनाथ सिंह चौहान, सुपरवाइजर अमित कुमार और प्रेम गौड़ ने पटेलनगर कोतवाली में आरोपितों के विरुद्ध तहरीर दी है। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह काम छोड़ हड़ताल शुरू कर देंगे।

शनिवार दोपहर नगर निगम की टीम शहर का जायजा ले रही थी। मुख्य सफाई निरीक्षक विश्वनाथ सिंह चौहान, सुपरवाइजर अमित कुमार और प्रेम गौड़ पाम सिटी के निकट पहुंचे तो स्कूटी पर सवार दो युवक वहां कूड़ा फेंकते दिखे।

मुख्य सफाई निरीक्षक विश्वनाथ ने बताया कि कुछ समय पहले ही उन्होंने पाम सिटी के निकट से कूड़ा उठवाया था। उन्होंने युवकों से कहा कि यह कूड़ा फेंकने की जगह नहीं है, जब घर पर कूड़ा उठाने के लिए वाहन आता है तो उसमें क्यों नहीं कूड़ा डालते

इस बात पर दोनों युवक भड़क गए और उन्होंने फोन कर 15 के करीब अन्य युवकों को वहां बुला दिया। आरोपितों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। किसी तरह से वह आरोपितों के चंगुल से छूटकर नगर निगम पहुंचे। इसके बाद निगम में सभी कर्मचारी काम छोड़कर बाहर आ गए और नारेबाजी की।

घायल कर्मचारियों का कोरोनेशन अस्पताल से मेडिकल कराया गया और अपर नगर आयुक्त बीर सिंह बुदियाल को घटना के बारे में जानकारी दी। अपर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि मारपीट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसआइ पटेलनगर कोतवाली मनमोहन सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपितों की पहचान की जाएगी

गिरफ्तारी नहीं हुई तो मंगलवार से बंद कर देंगे काम

नगर विकास कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट को सहन नहीं किया जाएगा। यदि मंगलवार तक पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया तो उन्हें काम छोड़ हड़ताल पर जाने पर विवश होना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने अन्य कर्मचारी संगठनों से भी अपील की है कि आरोपितों की गिरफ्तारी को आवाज उठाएं। आज सफाई निरीक्षक व सुपरवाइजर पर हमला हुआ है, कल अन्य के साथ भी इस तरह की घटना हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *