सामान लेकर घर लौट रहे थे दोनों युवक, जोहड़ी के पास की घटना
राजपुर स्थित जोहड़ी में सामान लेकर लौट रहे दो युवक स्कूटी सहित रपटे पर पानी के तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन दूसरा तेज बहाव में गया है। राजपुर थाना पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं लग पाया है।
थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि मूल रूप से नेपाल निवासी राकेश और मन बहादुर पुरकुल में किराये पर रहते हैं। वह करीब 20 साल से देहरादून में ही काम करते हैं। रात करीब आठ बजे वह सामान लेने के लिए बाजार गए हुए थे। वापसी के समय जोहड़ी में तेज बारिश के चलते रपटे में गिर गए और पानी के तेज बहाव में बह गए। बह रहे दोनों युवकों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हुए। लोगों ने किसी तरह राकेश को बाहर निकाल लिया। इस दौरान मन बहादुर काफी आगे निकल गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। सूचना के बाद वह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू किया गया। अंधेरा होने के बावजूद पुलिस व एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी रहीं।