Dehradun डेंगू नियंत्रण एवं बचाव के लिए डीएम सोनिका के निर्देशन में डीआईसीसीसी में कंट्रोल रूम शुरू हो चुका है। इस कंट्रोल रूम में अभी तक कुल 15 फोन कॉल आए हैं इसमें 14 फोन कॉल फागिंग के लिए और एक कॉल चिकित्सा परामर्श से संबंधित आई है। सभी समस्याओं का निवारण करवाया गया है। कंट्रोल रूम में नगर निगम के कर्मचारी और स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। डेंगू संबंधित शिकायत या समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 18001802525 पर संपर्क किया जा सकता है।
बारिश के दौरान डेंगू का खतरा बढ़ता जा रहा है। इस दौरान जो मरीज डेंगू संदिग्ध मिल रहे हैं इनकी जांच करवाई जा रही है। इसके अलावा डेंगू से बचाव के लिए आशा कार्यकर्ताओं और वालंटियर्स की ओर से घर-घर सर्वे करवाया जा रहा है। इस दौरान जहां पर भी डेंगू का लार्वा मिल रहा है वहां पर लार्वा नष्ट किया जा रहा है। इसके अलावा कंट्रोल रूम में आ रहीं शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। डीएम ने सभी जनमानस से अनुरोध किया है कि डेंगू से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत और चिकित्सकीय परामर्श के लिए टोल फ्री नंबर 18001802525 पर संपर्क किया जा सकता है। डीएम ने कहा कि जनमानस से डेंगू के दृष्टिगत सतर्क रहते हुए अपने आसपास सफाई रखने तथा पानी जमा न होने देने का अनुरोध किया।
104 जगह मिला डेंगू का लार्वा
स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर सर्वे के दौरान मंगलवार को 104 जगह डेंगू का लार्वा मिला है। इस लार्वा को मौके पर ही नष्ट किया गया है। मंगलवार को जिले में 403 आशा कार्यकर्ताओं और 40 वालंटियर्स ने 30,725 घरों में लार्वा की खोज की। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं को 31 जगह और वालंटियर्स को 73 जगह डेंगू का लार्वा मिला है।