देहरादून में डेंगू की रोकथाम को लेकर प्रशासन का महाअभियान, 33 अफसरों को सौंपी गई जिम्मेदारी; देनी होगी दैनिक रिपोर्ट

 

देहरादून। वर्षाकाल में डेंगू की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने महाअभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। विशेषकर डेंगू रोकथाम के कार्यों की धरातलीय निगरानी के लिए जिला स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी सोनिका ने 33 अधिकारियों को निगरानी के लिए अलग-अलग वार्ड आवंटित किए हैं। ये अधिकारी नियंत्रण कार्यों की दैनिक रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।

जिलाधिकारी सोनिका ने शनिवार को आदेश जारी कर कहा कि डेंगू नियंत्रण महाअभियान के दौरान प्रत्येक आशा कार्यकर्ती, आशा फैसिलिटेटर, कम्युनिटी हैल्थ आफिसर, नगर निगम सैनेट्री सुपरवाइजर, डेंगू वालिंटियर अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रतिदिन 50 घरों में डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई करेंगे।

पानी वाली जगहों पर लार्वीसाइड का छिड़काव

गृह भ्रमण के दौरान प्रत्येक कार्मिक लार्वा पनपने वाले संवेदनशील क्षेत्रों में सफाई करवाएंगे और स्थानीय निवासियों को जागरूक भी किया जाएगा। जिन स्थानों से पानी नहीं हटवाया जा सकता, उन स्थानों पर लार्वीसाइड का छिड़काव करना होगा।

हर दिन सुपरवाईजर को करेगी प्रेषित

इसके अलावा टीम डेंगू से बचाव को प्रचार-प्रसार संबंधी सामग्री वितरित करेगी और दैनिक गतिविधियों को निर्धारित प्रारूप में प्रश्नोत्तरी के हिसाब से भरकर प्रत्येक दिन अपने सुपरवाईजर को प्रेषित करेगी।

जिला स्तरीय अधिकारी भी अपने अपने क्षेत्रों की निगरानी करते हुए दैनिक रूप से सूचित करेंगे। समस्त सूचना दैनिक रूप से जिला डेंगू कंट्रोल रूम एवं जिला आइडीएसपी टीम संकलित करेगी, जिसे जिलाधिकारी तथा राज्य स्तर को प्रेषित किया जाएगा। इन सभी कार्यवाही के लिए डा राजीव दीक्षित और डा कैलाश गुंज्याल नोडल अधिकारी होगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *