Dehradun DM ने नगर निगम में मारा छापा, गायब मिले 51 कार्मिक; लिया ये एक्‍शन

 

देहरादून। Dehradun Nagar Nigam: मानसून सिर पर है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी सजग नजर नहीं आ रहे हैं। बुधवार को जिलाधिकारी सोनिका ने नगर निगम में छापा मारा तो यहां एक या दो नहीं, बल्कि 51 कार्मिक डयूटी से गायब मिले। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम सोनिका ने सभी की अनुपस्थिति दर्ज करने के निर्देश अपर नगर आयुक्त बीर सिंह बुदियाल को दिए।

अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने नगर निगम के लैंड बैंक की जानकारी ली और निगम की भूमि पर तारबाड़ करने के निर्देश दिए। नगर निगम की खाली भूमि पर पौधारोपण करने के साथ पार्क विकसित करने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक खिड़की पर जो कार्य हो रहा है, उसकी जानकारी चस्पा करें। फरियादियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि लोग अपने कार्य की प्रगति को आनलाइन चेक कर सकें। जिलाधिकारी ने टाउनहाल की मरम्मत, सुंदरीकरण कराने के लिए इस्टीमेट तैयार करने को भी कहा। उन्होंने नगर निगम परिसर में पार्किंग को व्यवस्थित करते हुए बड़े और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान चिह्नित करने तथा परिसर की साफ सफाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्ट्रीट लाइट की क्षेत्रवार रिपोर्ट तलब की। साथ ही निर्देश दिए कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे स्ट्रीट लाइट खराब होने की जानकारी समय पर मिल जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने लोगों से नगर निगम आने का कारण जाना तथा उनकी समस्याओं के निस्तारण के अधिकारियों को निर्देश दिए। जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत होने में देरी होने की शिकायतों पर कार्मिकों ने वेबसाइट की दिक्कत बताई। जिस पर जिलाधिकारी ने वेबसाइट में सुधार लाने के निर्देश।

नगर निगम के अधिकारियों को प्रतिदिन कूड़ा उठान की वार्डवार मानिटिरिंग करने तथा जटायू वाहन को रोस्टरवार क्षेत्र आवंटित कर सफाई कार्यों में लगाने को कहा। साथ ही जिन क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंका जा रहा है, वहां पर कार्मिकों से सर्वे कराते हुए कारण का पता लगाकर व्यवस्था बनाने के दिशा निर्देश जारी किए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *