Uttarakhand Weather: दून में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, दिन में लू के थपेड़े कर रहे बेहाल…लेकिन इन चार जिलों को मिल सकती है राहत

 

देहरादून : Uttarakhand Weather: मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी से रविवार तक कोई राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। शनिवार को दून का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में दून के ताममान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की मामूली कमी आई है।

दिन में गर्मी के साथ लू और रात को उमस बेहाल कर रही है। दून के अलावा ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की व ऊधम सिंह नगर में भीषण गर्मी का प्रकोप पिछले एक पखवाड़े से बना है।

लू के थपेड़ों ने दिन में घरों से बाहर निकलना मुश्किल किया हुआ है। दून में दोपहर बाद चार बजे से हल्की हवाएं चलने से कुछ राहत महसूस की गई। सोमवार व मंगलवार से पारे में कुछ कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

पारे में 24 घंटे में कमी दर्ज

शुक्रवार को दून का पारा 43.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह एक शताब्दी से भी अधिक समय बाद आल टाइम रिकार्ड की ओर बढ़ता जा रहा था, लेकिन शनिवार को हल्की हवाएं चलने से पारे में 24 घंटे में एक डिग्री से कम की कमी दर्ज की गई।

हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य से करीब नौ डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में रविवार को भी मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।

पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में ऊंचाई वाले स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। शेष समूचे मैदानी क्षेत्रों में रविवार को भी लू चलने को लेकर यलो चेतावनी जारी की गई है। सोमवार व मंगलवार से मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। जिससे पारे में कुछ कमी आने की उम्मीद बन रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *