देहरादून। जिले में एच1एन1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शनिवार को जारी रिपोर्ट में 80 सैंपल की जांच में 15 मरीजों में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक संक्रमित पाए गए मरीजों की संख्या 641 पहुंच गई है। इनमें 428 मरीज देहरादून और 213 मरीज अन्य जिलों के हैं। वर्तमान में 39 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
जिले में अब तक 428 मामले, 39 मरीज अस्पतालों में भर्ती
रिपोर्ट के अनुसार कुल 600 मरीजों के स्वस्थ होने का उल्लेख है। दो मौतों को डेथ ऑडिट के बाद दर्ज किया गया है। कुल 641 मामलों में पुरुष मरीजों की संख्या 339 और महिला मरीजों की संख्या 302 है। वहीं, कोविड संक्रमण में एक नया मामला सामने आया। अब तक 1060 सैंपल की जांच की गई है, जिसमें 57 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें 29 मरीज देहरादून और 28 अन्य जिलों के हैं। 56 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
डेंगू के दो नये मरीज मिले
देहरादून में डेंगू के दो नए मरीज मिले हैं। शुक्रवार को 45 सैंपल की जांच में दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 222 पहुंच गई है। इनमें 109 मरीज देहरादून और 113 अन्य जिलों के हैं। रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में 19 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। अब तक 203 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।