देहरादून। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधीग्राम स्थित कांवली रोड पर शुक्रवार रात दो युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक के पेट में चाकू मार दिया गया। चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने चाकू मारने के आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात गांधीग्राम में कांवली रोड पर दो युवक आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर उलझे थे। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट में लगने से युवक लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। घायल युवक के बयान और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।