Dehradun News: सरेराह महिला के अपहरण की कोशिश

देहरादून। सहस्रधारा रोड पर नालापानी चौक के पास बुधवार सुबह स्कूटी से जा रही महिला को कार सवार कुछ लोगों ने रोककर जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी कार लेकर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 6:50 बजे की है। महिला स्कूटी से सहस्रधारा रोड की ओर जा रही थी। नालापानी चौक के पास काले रंग की स्विफ्ट कार में सवार कुछ लोगों ने उसकी स्कूटी रोक ली। आरोप है कि कार सवारों ने महिला को खींचकर जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे। लोगों को देख कार सवार फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने पुलिस को तहरीर दी। सीओ रायपुर वंदना वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास और वहां से आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कार के नंबर और आरोपियों की पहचान के लिए अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *