सुरेंद्र कोली: बेटा बोला-20 साल बाद मिला था पिता का प्यार, अब हमेशा के लिए छोड़ गए; परिजनों का भी छलका दर्द

निठारी कांड मामले में सह आरोपी सुरेंद्र कोली की मौत से बीस साल का शिवम दर्द में है। हरिद्वार में पिता की मौत के बाद बेटे शिवम के चंद शब्दों में वर्षों की दूरी और बिछड़ने का दर्द सामने आया

हरिद्वार पहुंचे सुरेंद्र कोली के बेटे शिवम ने भावुक होकर कहा कि बीस साल बाद उसे पिता का प्यार नसीब हुआ था, लेकिन अब पिता ही नहीं रहे। इतना कहने के बाद शिवम चुप हो गया और आगे कुछ नहीं बोला। सुरेंद्र कोली के परिजन भी मीडिया से बातचीत करने से बचते रहे।

परिवार के सदस्यों में गुस्सा और चिंता दोनों नजर आई। उनका कहना था कि निठारी कांड की चर्चा एक बार फिर शुरू होने से उनके परिवार के सामने पुराना संकट खड़ा हो सकता है। उस घटना की छाप आज भी लोगों के जेहन में है और परिवार का कहना है कि उस कांड ने उनका जीवन उजाड़ दिया था।

परिजनों को आशंका है कि सुरेंद्र कोली की मौत के बाद निठारी कांड का मुद्दा फिर उछला तो पीड़ित परिवारों का पुराना दर्द और गुस्सा सामने आ सकता है। इसी वजह से उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत की। सुरेंद्र कोली की एक बेटी और एक बेटा है। बेटी की शादी हो चुकी है। बेटा शिवम समेत परिवार के अन्य सदस्य हरिद्वार पहुंचे हैं, जबकि सुरेंद्र कोली की पत्नी हरिद्वार नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *