डोईवाला (देहरादून)। ग्राम पंचायत मारखम ग्रांट के झबरावाला क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे हाथी ने स्कूटी सवार दो लोगों पर अचानक हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जमील पुत्र असगर के रूप में हुई है। उसका साथी नफीस सुरक्षित बताया जा रहा है।
आसपास के क्षेत्र में हाथी की तलाश
घटना लच्छीवाला वन रेंज क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि हाथी राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र से निकलकर झबरावाला की ओर पहुंचा था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में हाथी की तलाश शुरू की।
लगातार हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने और हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत बढ़ती जा रही है। कुछ दिन पूर्व ही धन्याड़ी क्षेत्र में हाथी के हमले में एक महिला की मौत हुई थी। उस घटना की चिंता अभी कम भी नहीं हुई थी कि झबरावाला में हाथी के हमले में एक और व्यक्ति की जान चली गई।
ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।